
श्रीगंगानगर। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार राज्यभर में अवैध रूप से निवास कर रहे बांग्लादेशी एवं रोहिंग्या घुसपैठियों की पहचान एवं निष्कासन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को आज महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अजमेर जिले की थाना कृष्णगंज एवं सीआईडी (विशेष शाखा) जोन अजमेर की संयुक्त टीम ने एक अवैध बांग्लादेशी महिला को डिटेन कर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगिड़ के सुपरविजन तथा सीओ (उत्तर) शिवम जोशी के निर्देशन में थाना प्रभारी अरविन्दसिंह चारण के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। इसी अभियान के दौरान पुलिस थाना कृष्णगंज को एक संदिग्ध महिला के बांग्लादेशी नागरिक होने की सूचना मिली। सूचना पर थाना कृष्णगंज पुलिस एवं सीआईडी (विशेष शाखा) जोन अजमेर की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को डिटेन किया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम मीम अख्तर (28) पुत्री अब्दुल सत्तार निवासी चंडिपाशा पोस्ट कोदालिया थाना पांकुदिया जिला किशोरगंज, ढाका (बांग्लादेश) बताया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अवैध रूप से भारत-बांग्लादेश सीमा पार कर भारत आने तथा 14 जुलाई को ही अजमेर पहुंचने की बात स्वीकार की है।एसपी अग्रवाल ने बताया कि महिला से उसके भारत आने के उद्देश्य, संपर्क सूत्रों तथा अन्य संभावित नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
