

श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) नई मंडी घड़साना के सरकारी अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक आज दोपहर 3500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1:30 बजे भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की श्रीगंगानगर चौकी की एक टीम ने स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. महेंद्रसिंह चौधरी को परिवादी से रिश्वत के रुपए लेते हुए पकड़ा। रिश्वत के रुपए उसके पहने कपड़ों में बरामद हुए। डॉ. चौधरी को तुरंत ही हिरासत में ले लिया गया। एसीबी की टीम उनके निवास की सर्चिंग कर रही है।सूत्रों के मुताबिक गांव फूलेवाला के एक शख्स ने अपनी गर्भवती पत्नी को पेट में दर्द होने के कारण परसों मंगलवार को सरकारी अस्पताल में एडमिट करवाया था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी के गर्भ में कुछ ऐसी दिक्कत थी कि गर्भपात किया जाना आवश्यक बताया गया। गर्भपात करने की एवज में डॉ. चौधरी ने उसके पति से 4000 रुपए की रिश्वत मांगी थी। उसके पति ने इसकी ब्यूरो में शिकायत कर दी। ब्यूरो द्वारा कल बुधवार को शिकायत का सत्यापन करवाया गया, जिस दौरान गोपनीय रूप से परिवादी तथा डॉक्टर की बातचीत को रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान डॉक्टर 3500 रुपए लेने के लिए सहमत हो गया। सत्यापन होने के बाद ब्यूरो ने आज रंगे हाथ पकड़ने का जाल बिछाया,जिसमें डॉ. चौधरी बड़ी आसानी से फंस गया। ब्यूरो की श्रीगंगानगर चौकी में नियुक्त इंस्पेक्टर राजेंद्रसिंह के नेतृत्व में ट्रेप की यह सफल कार्यवाही की गई। डॉ. चौधरी के पकड़े जाने से अस्पताल में हड़कंप मच गया। उसे कल शुक्रवार को श्रीगंगानगर में एसीबी की विशेष कोर्ट में पेश किया जाएगा।
