
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत बुधवार को जयपुर के शास्त्री नगर में स्थित आरएसआरटीसी डीलक्स डिपो में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आरएसआरटीसी के अधिकारियों, कर्मचारियों, चालकों एवं बीपीसीएल अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अधिकारियों, कर्मचारियों एवं चालकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। आरएसआरटीसी वाहनों एवं कर्मचारियों के निजी वाहनों का निःशुल्क प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) परीक्षण भी किया गया।कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रतिभागियों को अपने कार्यस्थल एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने की जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेकर स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। डिपो परिसर एवं स्टोर्स एवं परचेज विभाग में वृक्षारोपण किया गया। आरएसआरटीसी के स्टोर्स प्रभारी ने कहा कि स्वच्छता की दिशा में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।

