
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ जिलों में गेहूं व सरसों की सरकारी खरीद रफ्तार पकड़ने लगी है। दोनों जिलों में अब तक 5 लाख 68 हजार 427 क्विंटल गेहूं व 1लाख 14 हजार 249 क्विंटल सरसों की खरीद हो चुकी है। हालांकि अभी आंधी बारिश का मौसम होने के कारण मंडियों में कृषि जिंसों की आवक कम है, लेकिन आगामी दिनों में कृषि जिंसों की आवक बढ़ने के साथ ही खरीद में तेजी की संभावना है। श्रीगंगानर- हनुमानगढ़ जिलों से इस बार सरकार ने 12 लाख एमटी गेहूं व 17.60 लाख क्विंटल सरसों खरीद का लक्ष्य रखा है।
इस बार गेहूं की सरकारी खरीद 10 मार्च से शुरू की, वहीं सरसों की खरीद एक अप्रैल से शुरू हुई। गेहूं की 95 और सरसों की 61 केंद्रों पर खरीद की जा रही है। चने के भाव मंडियों में एमएसपी से अधिक हैं। इसलिए एमएसपी पर चना नहीं मिल रहा। व्यापारियों की मानें तो आगामी दिनों में भी चने के भाव एमएसपी से ऊपर ही रहने की संभावना है। ऐसे में सरकार को चना मिलने की उम्मीद भी कम है। सरकार ने इस बार चने का समर्थन मूल्य 5440 रुपए तय किया है। जबकि औसत बाजार भाव 6080 रुपए प्रति क्विंटल रहा।
