
श्रीगंगानगर। सुदामा नगर स्थित सिद्ध धाम श्रीखाटू श्याम धाम मंदिर में चैत्र चानण पक्ष के मासिक मेले के दूसरे दिन शनिवार को बारस पर श्याम श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। अलसुबह से ही श्याम श्रद्धालु रंग-बिरंगी ध्वजा लहराए मंदिर प्रांगण में पहुंचना शुरू हो गए थे। ध्वजा चढ़ाकर बाबा श्याम से अपनी-अपनी मन्नतें मांगीं। मुख्य सेवादार संदीप शेरेवाला बताया कि इन 3 दिनों में बाबा श्याम को हजारों ध्वजाएं श्याम श्रद्धालुओं की ओर से अर्पित की गई है।
शनिवार को सुबह से ही श्याम श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में बाबा के दर्शनों के लिए आने लगे। सुबह 8:15 बजे बाबा श्याम को खीर चूरमे की सवामणियो का महाभोग लगाकर आए हुए श्याम श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। इस सेवा कार्य में रमन, अभिनव मल्होत्रा, चंचल सोनी, लवली गोयल वरुण मित्तल ने सहयोग दिया। शेरेवाला ने बताया कि रविवार को मेले के अंतिम दिन सुबह 10 से दोपहर 2 तक बिहाणी ब्लड बैंक में महारक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
