– नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने सुंदर व कलात्मक ढंग से सजाई नोटबुक्स, कक्षा-wise घोषित किए विजेता


हनुमानगढ़। सेंट लॉरेंस कॉन्वेंट स्कूल में विद्यार्थियों में स्वच्छता, अनुशासन, व्यवस्थित रहने की आदत एवं रचनात्मकता विकसित करने के उद्देश्य से बैग मेंटेनिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों द्वारा अपनी नोटबुक्स को सुंदर एवं कलात्मक ढंग से कवर और व्यवस्थित किया गया, जो सभी का मन मोह रहा था।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद के अध्यक्ष श्री अनिल कौशिक, भारत विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्री राजेंद्र स्वामी, स्कूल डायरेक्टर श्री अशोक सुथार एवं विद्यालय मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीमती डिंपल सुथार सहित विद्यालय टीम ने कक्षा-wise विद्यार्थियों के बैग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से विद्यार्थियों की हैंडराइटिंग, नोटबुक कवर एवं कॉपियों की व्यवस्थित स्थिति को फोकस किया गया।
विद्यालय की मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीमती डिंपल सुथार ने बताया कि विद्यार्थी काफी समय से इस प्रतियोगिता को लेकर उत्सुक थे। अवकाश का लाभ उठाते हुए बच्चों ने अपनी नोटबुक्स को बेहद सुंदर एवं कलात्मक तरीके से सजाया और व्यवस्थित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें अपनी चीजों को व्यवस्थित रखने की आदत भी विकसित करते हैं।
भारत विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्री राजेंद्र स्वामी ने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि नन्हे विद्यार्थियों में प्रतियोगिता को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में अनुशासन, स्वच्छता और व्यवस्थित जीवनशैली की भावना विकसित होती है। ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए।
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष श्री अनिल कौशिक ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि सेंट लॉरेंस कॉन्वेंट स्कूल द्वारा समय-समय पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं मोटिवेशनल कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की घोषणा मौके पर ही की गई। विजेता विद्यार्थियों में खुशी का माहौल रहा तथा अन्य विद्यार्थियों ने भी आगे होने वाली प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह व्यक्त किया।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों की मेहनत एवं सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर स्वच्छ, अनुशासित एवं व्यवस्थित रहने के लिए प्रेरित किया।
