
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले से किसानों को सतर्क करने वाली एक खबर सामने आई है। यहां एक शातिर व्यापारी ने मंडी से ज्यादा भाव देने का झांसा देकर एक किसान की खून-पसीने की कमाई लूट ली। आरोपी बिना पैसे दिए करीब 9 लाख रुपये का धान लेकर चंपत हो गया। जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ तो उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के दखल के बाद टाउन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
ठगी का ताना-बाना: घर से ही फसल उठाने का दिया लालच फतेहगढ़ के गोदारा बास के रहने वाले गुरजीत सिंह (31) ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई है। गुरजीत और उनके पिता ने चक नंबर 22 एचएमएच में 25 बीघा जमीन ठेके पर लेकर धान की खेती की थी। जब फसल कटकर तैयार हुई, तो 3 दिसंबर को प्रेम सेतिया नाम का एक शख्स उनके पास आया। खुद को धान का बड़ा कारोबारी बताते हुए उसने किसान को एक लुभावना ऑफर दिया। आरोपी ने कहा कि वह मंडी के मौजूदा भाव से 150 रुपये प्रति क्विंटल ज्यादा कीमत देगा और फसल का उठान भी सीधा घर से ही करवा लेगा, ताकि किसान को मंडी जाने का भाड़ा न देना पड़े।
भरोसा जीतकर दो किस्तों में ले उड़ा पूरी फसल ज्यादा मुनाफे और सुविधा के चक्कर में किसान इस झांसे में आ गया। दोनों के बीच 3300 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से करीब 300 क्विंटल धान का सौदा तय हो गया। उसी दिन आरोपी ने एक ट्रक (नंबर RJ 14 GA 3454) में माल भरवा लिया।
जब गुरजीत ने पेमेंट मांगा, तो व्यापारी ने सात दिन में पैसे खाते में डालने का वादा किया। किसान का भरोसा जीतने के बाद 9 दिसंबर को वह दोबारा लौटा और बची हुई फसल भी गाड़ी में लोड करवा कर ले गया।
पैसे मांगे तो फोन उठाना किया बंद जब पेमेंट की डेडलाइन खत्म हो गई और गुरजीत ने अपने पैसों के लिए संपर्क किया, तो आरोपी शुरुआत में टालमटोल करता रहा। जब किसान ने दबाव बनाया, तो उसने फोन उठाना ही बंद कर दिया। खुद को ठगा हुआ महसूस कर पीड़ित ने हनुमानगढ़ के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) की अदालत में इस्तगासा (परिवाद) पेश किया।
कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टाउन थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने अब सूरेवाला (हाल नई आबादी, टाउन) निवासी आरोपी प्रेम सेतिया के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है।
