
नई दिल्ली। विदेशी मुद्रा बाजार (Forex Market) में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। शुरुआती कारोबार में रुपया 30 पैसे टूटकर 95.84 के स्तर पर आ गया है। इस गिरावट का मुख्य कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों (Crude Oil Prices) में भारी उछाल और तेल आयातकों द्वारा डॉलर की बढ़ती मांग को माना जा रहा है।
फॉरेक्स ट्रेडर्स के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड $106 प्रति बैरल के स्तर को छू गया है। मध्य पूर्व (Middle East) में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में यह तेजी आई है। इसके चलते घरेलू तेल आयातकों की तरफ से अमेरिकी डॉलर की मांग में भारी इजाफा हुआ है, जिससे रुपये पर सीधा दबाव बढ़ा है। विदेशी मुद्रा बाजार के जानकारों ने कच्चे तेल में इस तेजी के कारण भारत के बाहरी संतुलन (External Balance) और बढ़ती महंगाई को लेकर भी चिंता जताई है।
हालांकि, रुपये में आई इस गिरावट के बावजूद घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख रहा। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 233.66 अंक चढ़कर 75,022.37 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
