
नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए बुधवार का दिन मिश्रित नतीजों वाला रहा। वेटलिफ्टिंग में स्टार खिलाड़ी मीराबाई चानू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने एशियन गेम्स में अपने पदक के इंतजार को खत्म किया। मीराबाई चानू ने अपने मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया और क्लीन एंड जर्क में 107 किलोग्राम का भार उठाया। उनके प्रदर्शन के बाद भारत की पदक तालिका में एक और मेडल जुड़ गया। वहीं, शूटिंग में भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में पदक हासिल नहीं कर सकीं। फाइनल में मनु ने 181.1 अंक हासिल किए और पांचवें स्थान पर रहीं। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 579 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। 10 मीटर एयर पिस्टल की टीम स्पर्धा में भी भारतीय टीम पदक से चूक गई और चौथे स्थान पर रही। भारतीय टीम और वियतनाम के अंक बराबर थे, लेकिन इनर-10 के आधार पर वियतनाम ने कांस्य पदक हासिल किया। हालांकि शूटिंग में भारत को दो कांस्य पदक मिले। महिलाओं की स्कीट टीम में राइजा ढिल्लों, महेश्वरी चौहान और परिनाज धालीवाल ने संयुक्त रूप से 331 अंक हासिल कर कांस्य जीता। पुरुषों की स्कीट टीम ने भी कांस्य पदक अपने नाम किया। मनु भाकर के पास अभी एक और पदक जीतने का मौका है। वह आगे 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में हिस्सा लेंगी, जिसमें वह पिछली एशियन गेम्स की चैंपियन रही हैं।
