
श्रीगंगानगर | मल्टीपर्पज स्कूल परिसर में पुरानी आबादी थाना से सुखवंत सिनेमा रोड की तरफ सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से निर्माणाधीन अल्पसंख्यक छात्रावास का काम शिलान्यास के 18 माह बाद भी पूरा नहीं हो पाया है।
इसके निर्माण की धीमी गति को देखते हुए यह भी नहीं कहा जा सकता कि आगामी शिक्षा सत्र में इस छात्रावास का लाभ अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों को मिल पाएगा। अभी इस पर फ्लोरिंग फिनिशिंग, पुट्टी और कलरिंग का काम चल रहा है। माना जा रहा है कि इस काम पर भी 3-4 माह का समय लगेगा। यह काम पूरा होने के बाद बिजली फिटिंग, वॉशरूम, किचन आदि में एसेसरी फिटिंग में भी काफी समय लगेगा। जबकि इस काम के लिए सामान की व्यवस्था के लिए ठेकेदार को विभाग से बकाया भुगतान का इंतजार है।
जुलाई 2023 तक पूरा होना था निर्माण: राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में इस छात्रावास के लिए 2.40 करोड़ रुपए बजट का प्रावधान किया था। जिससे 2500 मीटर भूखंड पर 50 छात्रों के लिए एक मंजिल के भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया। छात्रावास निर्माण के लिए 180 लाख रुपए का कार्यादेश जारी किया गया।
एक अक्टूबर 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गंगानगर दौरे के दौरान छात्रावास का शिलान्यास किया था जो ठेकेदार को जुलाई 2023 तक पूरा करना था। लेकिन पहले तीन माह तक ठेकेदार को साइट ही क्लियर करके नहीं दी गई। जब ठेकेदार को निर्माण के लिए भूखंड सौंपा गया, तो ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन विद्युत लाइनें निर्माण में बाधा बन गई। इसके बाद भवन की दिशा व साइज में बदलाव करते हुए तीन मंजिला भवन निर्माण का निर्णय लिया गया व नई ड्राइंग व नक्शे बनाकर ठेकेदार को दिए गए।
तब इसका निर्माण शुरू हो पाया। अब ठेकेदार को रनिंग बिलों का भुगतान समय पर नहीं मिलने के कारण इसका काम धीमी गति से चल रहा है। नीचे ऑफिस, डायनिंग हॉल, वार्डन क्वार्टर व ऊपर की दो मंजिल में 16 कमरों का निर्माण: सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रमेश कुमार सुथार के अनुसार अल्पसंख्यक समूह छात्रावास के तीन मंजिला भवन के भूतल पर किचन, डायनिंग हॉल, वार्डन क्वाटर, ऑफिस व 1 वॉशरूम और टॉयलेट का निर्माण किया गया है। इसी प्रकार प्रथम तल पर छात्रों के रहने के लिए आठ कमरे, दो कॉमन वॉशरूम व इतने ही कमरे व वॉशरूम तीसरी मंजिल पर बनाए गए हैं।
