
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ रोड स्थित बालाजी धाम के 23वें वार्षिकोत्सव के तहत सोमवार को सुबह 24 घंटे का रामायण पाठ शुरू किया गया। मंदिर में अखंड राम नाम जाप जारी है। दिनभर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुुओं ने राम नाम जाप किया। ट्रस्टी सुभाष टांटिया व प्रधान सूरज गोयल ने बताया कि मंगलवार को सुबह 10 बजे रामायण पाठ का भोग डाला जाएगा। इस कड़ी में शाम 6:15 बजे अखंड राम नाम जाप का विराम होगा। इसके बाद बालाजी महाराज को 7900+ किलो चूरमे का महाभोग लगाया जाएगा।
इसके बाद बालाजी महाराज की विधिवत रूप से महाआरती की जाएगी। फिर श्रद्धालुओं में चूरमे के प्रसाद का वितरण किया जाएगा। टांटिया ने बताया कि एक सवामणी के प्रसाद को तैयार करने में 15 किलो घी, 26 किलो आटा,14 किलो बूरा चीनी व 1 किलो बादाम का इस्तेमाल किया गया है।
सूरज गोयल ने बताया कि बालाजी धाम में सेवादारों की ओर से रात 8 बजे भजन-कीर्तन किए जाएंगे। इस दौरान मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा पाठ भी किया जाएगा। सोमवार को दिनभर मंदिर के बाहर बेरिकेड्स लगाने का काम पूरा किया गया।
