फर्म संचालक महिला और प्रतिनिधि पर केस दर्ज

श्रीगंगानगर । जिला पुलिस को जयपुर की एक फर्म ने एक नामी कंपनी की नकली पेन ड्राइव की सह्रश्वलाई कर दी। जांच में पेन ड्राइव नकली पाई गईं। इस पर पुलिस की ओर से फर्म की संचालक महिला तथा श्रीगंगानगर में उसके प्रतिनिधि पर धोखाधड़ी व जालसाजी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ऑफिस में स्टेशनरी शाखा के प्रभारी एलडीसी कंवरसिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर जयपुर के मुरलीपुरा के बालाजी विहार कॉलोनी में एक फर्म की संचालक सुशीलादेवी तथा श्रीगंगानगर में फर्म के प्रतिनिधि सतविंदरसिंह निवासी डूंगरसिंहपुरा/ गणेशगढ़ के विरुद्ध कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4)और 61(2)के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई सुभाषचंद्र मीणा के सुपुर्द की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से विगत 12 फरवरी को पेन ड्राइव की सह्रश्वलाई के लिए निविदा जारी की गई थीं। जयपुर की एक फर्म को पेन ड्राइव करने का ठेका प्राप्त हुआ। फर्म द्वारा सैनडिस्क कंपनी की 8-जीबी क्षमता की 2 हजार 177 पेन ड्राइव्स पुलिस अधीक्षक ऑफिस को 19 फरवरी को सह्रश्वलाई की गई। पेन ड्राइव 155 रुपए की थी। कुल रकम 3 लाख 37 हजार रुपए से भी अधिक बनी, जिसका फर्म को भुगतान कर दिया गया। सह्रश्वलाई प्राप्त होने पर पेन ड्राइव को जांच के लिए अभय कमांड सेंटर को भेजा गया। अभय कमांड सेंटर द्वारा जांच करने पर पाया की पेन ड्राइव पर मार्का सैनडिस्क कंपनी का लगा है लेकिन वास्तव में पेन ड्राइव इस नामी कंपनी की नहीं है। उस पर सिर्फ सैनडिस्क कंपनी का लोगो लगा था। वास्तव में यह पेन ड्राइव किसी और कंपनी द्वारा निर्मित थी। अभय कमांड सेंटर द्वारा इसकी रिपोर्ट पुलिस के उच्च अधिकारियों को भेजी गई। तत्पश्चात पुष्टि करने के लिए पेन ड्राइव को सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के स्थानीय अधिकारियों को भेजी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के उपनिदेशक दुष्यंत कुमार जैन ने भी अपनी जांच में पेन ड्राइव नकली होना पाया। उन्होंने भी रिपोर्ट दी की पेन ड्राइव किसी और कंपनी की है लेकिन इसके ऊपर सैनडिस्क का नकली मार्का लगा है। किसी और कंपनी की पेन ड्राइव को सैनडिस्क का लोगो लगाकर सह्रश्वलाई किया गया है। दो जांचों में पेन ड्राइव के नकली साबित पाए जाने के बाद भी पुलिस ने सैनडिस्क कंपनी की वेबसाइट पर सह्रश्वलाई की गई पेन ड्राइव पर अंकित सीरियल नंबर फीड किये तो वेबसाइट ने भी पेन ड्राइव के ओरिजिनल होना कंफर्म नहीं किया। पुलिस ने कंपनी के कस्टमर केयर से भी संपर्क किया तो जवाब मिला कि उक्त सीरियल नंबर की पेन ड्राइव उनकी कंपनी की नहीं है। इस पर पुलिस के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर स्टेशनरी शाखा के एलडीसी कंवरसिंह ने कल शाम कोतवाली में रिपोर्ट दी। देर रात को फर्म की संचालक सुशीला और उसके प्रतिनिधि सतविंदरसिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद अब सारे मामले की नए सिरे से जांच की जा रही है।
