
अमेरिकी सीनेट में बुधवार को कनाडा पर टैरिफ लगाने के खिलाफ प्रस्ताव पास हुआ। इसका मकसद ट्रम्प की कनाडा पर टैरिफ लगाने के अधिकार को खत्म करना था। यह कदम हाल ही में कनाडा में 10% एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने के फैसले के बाद लिया गया।
द हिल की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्ताव 50-46 वोटों से पास हुआ। चार रिपब्लिकन सांसदों ने भी प्रस्ताव का समर्थन करते हुए टैरिफ खत्म करने के पक्ष में मतदान किया।
सीनेट इससे पहले भी 2 अप्रैल को यह प्रस्ताव पास कर चुकी थी, लेकिन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने इसे आगे नहीं बढ़ाया, जिससे प्रक्रिया रुक गई थी। अब डेमोक्रेट सांसद टिम केन ने इसे फिर से पेश किया। उनका कहना है कि कनाडा पर ट्रम्प के टैरिफ लगाने का कोई कानूनी औचित्य नहीं है, क्योंकि इसे आपातकाल अधिनियम के तहत नहीं ठहराया जा सकता।
ट्रम्प और कनाडा के बीच विवाद तब बढ़ गया जब कनाडा के ओंटारियो प्रांत ने वर्ल्ड सीरीज के दौरान टीवी पर एक विज्ञापन चलाया था। इसमें पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन ने टैरिफ का विरोध किया था। ट्रम्प ने इसे शत्रुतापूर्ण कदम बताते हुए कनाडाई सामान पर 10% अतिरिक्त टैरिफ बढ़ा दिया।
