
श्रीगंगानगर सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारी कल्याण समिति श्रीगंगानगर की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘जीवन प्रमाण-पत्र’ शिविर रविवार को आयोजित हुआ। पहले दिन 401 जीवन प्रमाण-पत्र प्रमाणित किए गए थे तथा रविवार को 251 प्रमाण-पत्र प्रमाणित किए गए। इस तरह से दो दिवसीय शिविर में कुल 653 जीवन प्रमाण-पत्र प्रमाणित किए गए। अध्यक्ष हरपाल सिंह सिद्धू ने बताया कि सुखाड़िया पार्क स्थित समिति कार्यालय में लगाए गए इस शिविर ने क्षेत्र के पेंशनर्स को उनके वार्षिक जीवन प्रमाण-पत्र को सुविधाजनक तरीके से जमा करने में बड़ी राहत प्रदान की। कार्यक्रम का आगाज़ ‘वंदे मातरम’ गीत के साथ किया गया, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग से भर दिया।
सुबह 9 बजे से ही पेंशनर्स की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी और दिनभर बड़ी संख्या में लोग जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए शिविर में आते रहे। समिति के समर्पित कार्यकर्ताओं ने आने वाले पेंशनर्स को फॉर्म वितरित करने, उन्हें भरने में सहायता करने, प्रमाणीकरण करवाने और उन्हें कोष कार्यालय के अधिकारियों तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था संभाली। प्रमाणीकरण अधिकारियों-डॉ. विनोद शर्मा, वेद पाहवा तथा धीरज सक्सेना ने भी सहयोग किया।
