
रामलीला मैदान में दैनिक भास्कर की मीडिया पार्टनरशिप में आयोजित न्यू ईयर कार्निवल में शहरवासियों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
इस बार कार्निवल का सबसे बड़ा आकर्षण पहली बार हवाई जहाज की आकृति में से होकर एंट्री देना है, जिसने पूरे कार्यक्रम की रौनक को कई गुना बढ़ा दिया है।
यह अनोखी और शानदार एंट्री बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों-सभी को बेहद आकर्षित कर रही है। कार्निवल में लगे विभिन्न स्टॉल्स पर खरीदारी लगातार बढ़ रही है। महिलाओं ने रेडिमेड गारमेंट्स, कॉस्मेटिक आइटम्स, होम डेकोरेशन और घरेलू उपयोग की वस्तुओं में खास रुचि दिखाई। वहीं, युवाओं ने फैशन एसेसरीज, गेमिंग स्टॉल्स और बुक स्टॉल्स पर जमकर समय बिताया। इस कार्निवल में सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक प्रवेश रखा गया है, जिससे परिवारों के साथ आने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आयोजकों के अनुसार यह कार्निवल नए साल का स्वागत खास और यादगार बनाने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है।
कार्निवल में जायंट व्हील, ड्रैगन ट्रेन, रेंजर, बोट्स, कार और चांद-तारा जैसे रोमांचक झूले : इस कार्निवल में जायंट व्हील, ड्रैगन ट्रेन, रेंजर, बोट्स, कार और चांद-तारा जैसे रोमांचक झूले भी लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। इसके अलावा अरोमा प्रोडक्ट्स, सोप सेट, किचनवेयर, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, फर्नीचर, खिलौने, बच्चों के कपड़े, कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स, गिफ्ट आइटम्स और घरेलू सजावटी सामान जैसी विविध चीजें भी उपलब्ध हैं। फूड ज़ोन में शहरवासियों के लिए स्थानीय व्यंजनों से लेकर अलग-अलग जिलों के प्रसिद्ध पकवानों तक का स्वादिष्ट आयोजन किया गया है। शाम के समय बढ़ती भीड़ कार्निवल को और भी जीवंत बना देती है।
