
श्रीगंगानगर जिले की घमूड़वाली थाना पुलिस ने 21 किलो 700 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जल उपभोक्ता संगम कार्यालय के नजदीक डोडा-पोस्त बेचने की फिराक में घूम रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
थानाधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया- रात के समय पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस टीम बींझबायला से कैंचियां रोड 6 मासी नहर की पुलिया के नजदीक जल उपभोक्ता संगम कार्यालय के पास पहुंची तो 2 संदिग्ध दिखाई दिए। आरोपी प्लास्टिक के कट्टे लेकर घूम रहे थे। पुलिस टीम ने आरोपियों को संदिग्ध लगने पर उनके पास जाकर कट्टों की तलाशी ली। कट्टों में भारी मात्रा में भरा हुआ अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ। जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गौरव (26) व शिवलाल (18) के रूप में हुई है। यह दोनों आरोपी घमूड़वाली थाना क्षेत्र श्रीगंगानगर के रहने वाले हैं। आरोपी गौरव के कब्जे से पुलिस ने 16 किलो 400 ग्राम और आरोपी शिवलाल के कब्जे से 5 किलो 300 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों से कई और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।
