
आओ नगर कीर्तन दे दर्शन पाइए… वाहेगुरु जी का खालसा वाहेगुरु जी फतेह… के गूंजते जयकारे और श्रद्धा के रंग में रंगी इलाके की संगत। मौका था रविवार को निकले नगर कीर्तन का। धन-धन बाबा जीवन सिंह जी शहीदां के प्रकाशोत्सव को समर्पित यह नगर कीर्तन सुबह 9 बजे गांव 20 जीजी के गुरुद्वारा साहिब से रवाना हुआ।
नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारे कर रहे थे और पीछे फूलांे से सजी पालकी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी विराजमान थे। नगर कीर्तन में शामिल गतका पार्टी ने विभिन्न गांवों के गुरुद्वारों के सामने हैरत अंगेज करतब दिखाकर गुरुओं की शौर्य का प्रदर्शन किया। गांव 20 जीजी के मुख्य सेवादार राजपाल सिंह व केवल सिंह (21 जीजी) ने बताया कि नगर कीर्तन गांव 20 जीजी से शुरू होकर गांव 21 जीजी बुर्जवाली, 3 एलएल, 5 एलएल, 8 एलएल, पुन्नावाली, 4 बीबी, 3 बीबी, ढींगावाली राठान, 2 एलएल धालेवाला से होता हुआ वापस गांव के गुरुद्वारा साहिब में पहुंचा। जगह-जगह नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। गांव 8 एलएल में संगत को अटूट लंगर बरताया गया। अन्य गांवों में फलों और मिठाइयों का प्रसाद बांटा गया। उन्होंने बताया कि सोमवार को सुबह 10 बजे श्री अखंड पाठ का भोग गांव 20 जीजी के गुरुद्वारा साहिब में पड़ेगा। इसी के साथ तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन होगा। साफ-सफाई से बदली गांवों की फिजा: नगर कीर्तन के आगे सेवादार सफाई करते हुए चल रहे थे। गलियों में पानी का छिड़काव कर साफ-सफाई की गई। जहां-जहां से नगर कीर्तन गुजरा वहां की गलियां चमचमाती नजर आईं। संगत ने फूलों की वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया। साफ-सफाई से गांवों की फिजा बदली-बदली सी नजर आईं।
