
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से 14 दिसंबर को नई दिल्ली में वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली का आयोजन किया जाएगा। श्रीगंगानगर विधानसभा क्षेत्र से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को ले जाने और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से रविवार को बैठक का आयोजन किया गया।
इसके साथ ही मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के शेष चार दिनों में पूरी सावधानी बरतने और प्रत्येक मतदाता के नाम पर नजर रखने पर जोर दिया गया। यह बैठक श्रीगंगानगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देहात और शहर द्वारा संयुक्त रूप से पदमपुर मार्ग स्थित एक फार्म हाउस में आयोजित की गई। देहात ब्लॉक अध्यक्ष श्याम पुन्यानी ने बैठक में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी ने कहा कि यह रैली लोकतंत्र की रक्षा और वोट चोरी के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन है, जिसमें श्रीगंगानगर क्षेत्र से मजबूत भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
जिला कांग्रेस के संगठन महामंत्री श्याम शेखावटी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जसराम टाक, डॉ. रामप्रकाश ना सोहनलाल नायक, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कमला बिश्नोई और रमेश गीदड़ आदि ने भी संबोधित किया। मंच संचालन कोषाध्यक्ष नरेश सेतिया ने किया
