
सीओ गाइड मोनिका यादव ने बताया कि जंबूरी में आयोजित प्रतियोगिताओं में राउमावि सूरतगढ़ की गाइड्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में राजस्थान का नाम रोशन किया। खासकर अनुमान लगाना प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तर पर अव्वल रही। गाइड कैप्टन संजय कुमारी के नेतृत्व में आठ गाइड्स ने शानदार प्रदर्शन किया। सीओ स्काउट इंद्राज सुथार ने बताया कि इस जंबूरी में लगभग 35 हजार स्काउट-गाइड ने भाग लिया।
श्रीगंगानगर के सर्विस रोवर की सेवाएं सराहनीय :रोवर लीडर प्रेम गम्भीर ने बताया जंबूरी में देशभर से वहां की व्यवस्थाओं के लिए सर्विस रोवर्स रेंजर्स की ड्यूटी लगाई गई थी। इसमें श्रीगंगानगर के रोवर्स रेंजर ने सेवाएं प्रदान की। श्रीगंगानगर से 79वां राजस्थान ओपन रोवर क्रू के रोवर स्काउट जयदीप ओझा, शुभम, नवीन पंवार, 24वां रोवर क्रू राजकीय महाविद्यालय सूरतगढ़ से रोवर्स रिकेश देहडू, विकास मायल, प्रवीण जाखड़ एवं अनूपगढ़ से शहीद हेमू कालानी ओपन क्रू के रोवर्स बिरजू कुमार, सूरज, मोहित ने जंबूरी मेस एवं अन्य एडवेंचर गतिविधियों के प्रोजेक्ट्स की कमान संभाली।
इस जंबूरी में भारत के अलावा मालदीव, नेपाल, श्रीलंका और सऊदी अरब सहित एशिया पैसिफिक क्षेत्र के भी करीब 1500 युवा प्रतिनिधियों ने भाग लिया। भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर भारत स्काउट एवं गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय की ओर से लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी में राजस्थान संगठन ने फिर अपना परचम लहराया है। इस 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में हुई 22 प्रतियोगिताओं में से 21 में राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के स्काउट गाइड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
साथ ही राजस्थान राज्य ने तीन मुख्य पुरस्कार चीफ नेशनल कमिश्नर शील्ड स्काउट विभाग, चीफ नेशनल कमिश्नर शील्ड गाइड एवं चीफ नेशनल फ्लैग अपने नाम किए। इन प्रतियोगिताओं में मार्च पास्ट, कलर पार्टी, लोक नृत्य, कैम्प फायर, कैम्प क्राफ्ट, बैंड प्रदर्शन, फिजिकल डिस्प्ले, फूड प्लाजा, प्रदर्शनी, एसडीजी प्रॉजेक्ट, वाचिंग टावर, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, फर्स्ट एड, अनुमान लगाना, टेंट पिचिंग, एथनिक शो, सिग्नलिंग, स्काउट, गाइड गेट ओर रंगोली जैसे अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें राज्य स्काउट-गाइड ने लोक नृत्य एवं अन्य प्रतियोगिताओं में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। राजस्थान राज्य के सभी जिलों से चयनित 1700 से अधिक स्काउट्स, गाइड्स और यूनिट लीडर्स ने जंबूरी में भाग लिया। सीओ स्काउट इंद्राज सुथार ने बताया कि श्रीगंगानगर जिले से 16 स्काउट एवं 16 गाइड ने सीओ स्काउट इंद्राज सुथार एवं सीओ गाइड मोनिका यादव के नेतृत्व में अपने लीडर के साथ भाग लेकर श्रीगंगानगर का नाम रोशन किया।
इस दौरान राजस्थान का गेट सभी संभागियों को अपनी और आकर्षित कर रहा था और इसके समक्ष सेल्फी ले रहे थे। जंबूरी की सर्वाधिक सेल्फी राजस्थान गेट के समक्ष हुई। जंबूरी में शामिल जिले की स्काउट-गाइड टीम का गत दिनों श्रीगंगानगर पहुंचने पर स्वागत किया गया। स्थानीय संघ के सचिव रामकुमार स्वामी, अध्यक्ष एडवोकेट विनोद गोयल, एमओपी के कोआर्डिनेटर अंग्रेज सिंह, कुलदीप शर्मा ने इनका माल्यार्पण कर स्वागत किया।
