
श्रीगंगानगर| तपोवन नशा मुक्ति एवं पुनर्वास संस्थान की ओर से आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता सुभाषचंद्र बोस टीम ने जीत ली है। इस प्रतियोगिता में संस्थान की चार टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला सुभाषचंद्र बोस टीम तथा भगतसिंह टीम के बीच हुआ, जिसमें सुभाषचंद्र बोस टीम विजयी रही।
बुधवार को समाज कल्याण अधिकारी वरिंदरपाल सेखों ने विजेता टीम को पुरस्कार प्रदान किए। इसके साथ-साथ रनरअप टीम को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर पुरस्कृत किया। इस अवसर पर तपोवन नशा मुक्ति एवं पुनर्वास संस्थान के सह सचिव केपी योगी, संस्था मैनेजर सुरिंदर दत्ता, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर दिनेश शर्मा सहित गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
इससे पहले समाज कल्याण अधिकारी वरिंदर पाल सिंह सेखों ने तपोवन नशा मुक्ति एवं पुनर्वास संस्थान का अवलोकन किया। सचिव संदीप कटारिया ने बताया कि समाज कल्याण अधिकारी ने संस्थान में चल रही गतिविधियों और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली तथा उपचाराधीन मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस मौके पर अपने संबोधन में सेखों ने कहा कि मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ है और नशा करके इसे गंवाना नहीं चाहिए। उन्होंने मरीजों को अपनी इच्छा शक्ति को प्रबल करके नशा रूपी दानव का नाश करने के लिए प्रेरित किया। श्रीगंगानगर. तपोवन संस्थान की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विजेता सुभाषचंद्र बोस टीम के साथ मौजूद अतिथि।
