
जिला कांग्रेस की ओर से टिब्बी तहसील के राठीखेड़ा गांव की रोही में एथेनॉल फैक्ट्री लगाने का विरोध जताने को गुरुवार को किसानों को चलने का आह्वान किया गया था। इसको देखते हुए लालगढ़ जाटान एसएचओ गुरमेलसिंह ने हनुमानगढ़ रोड पर सुंदरपुरा माइनर के पुळ पर नाकाबंदी की।
श्रीगंगानगर की ओर से हनुमानगढ़ की ओर जाने वाले सभी निजी वाहनों को रोककर चेक किया गया। सुबह 9 से शाम को 5 बजे तक नाकाबंदी की गई लेकिन किसान संगठन और कांग्रेसी इस रूट से हनुमानगढ़ जाने के लिए नहीं आए। दूसरी ओर सादुलशहर एसएचओ मलकीयतसिंह ने करड़वाला, संगरिया-हनुमानगढ़ चौराहे पर नाकाबंदी की। उन्होंने बताया कि सुबह 9 से शाम 6 बजे तक नाकाबंदी जारी रही। हर चौपहिया निजी वाहन को चेक किया गया। हालांकि यहां भी राठीखेड़ा विवाद में शामिल होने जाने वाला कोई सामने नहीं आया। इधर साधुवाली और पतली बैरियर पर चौकी स्टाफ की ओर से पंजाब से किसानों के आने की सूचना पर निगरानी की। जिले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष व करणपुर विधायक रुपिंद्र कुन्नर के घमूड़वाली थाना एरिया में नाकाबंदी तोड़ने की घटना के अलावा कहीं से कोई कांग्रेसी राठीखेड़ा आंदोलन के लिए घरों से नहीं निकला।
इस बीच कानून व्यवस्था के लिए जिले से करीब 70 फीसदी पुलिस जाब्ता हनुमानगढ़ रातोंरात भेजा गया। इसमें थानाधिकारी और थानों का जाब्ता तथा पुलिस लाइन का जाब्ता शामिल रहा। इस कारण गुरुवार को जिला मुख्यालय पर थाने खाली खाली नजर आए। देर रात तक मामला सुलझ नहीं पाने के कारण जिले से गया पुलिस जाब्ता हनुमानगढ़ में ही मौजूद रहा। श्रीगगानगर. पुलिस द्वारा वाहनों को रोकने के बाद राठीखेड़ा के लिए पैदल कूच करते कुन्नर व समर्थक।
