
हनुमानगढ़ रोड स्थित वैशाली नगर प्रथम वेलफेयर सोसायटी का वातावरण रविवार सुबह किसी उत्सव से कम नहीं था। यहां 500 से अधिक युवाओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा के पाठ किए। इसका आयोजन सामाजिक एकता मंच ने किया। इस पाठ को लेकर भक्तों में काफी उत्साह देखने को मिला। भक्त तय समय से पहले ही वैशाली नगर पार्क में पहुंचना शुरू हो गए।
इस दौरान डेढ़ घंटे तक भक्तों ने एक साथ स्वर मिलाकर हनुमान चालीसा और हनुमानाष्टक का पाठ किया। यह सामूहिक पाठ शक्तिशाली ऊर्जा का संचार कर रहा था, जिसने पूरे वैशाली नगर को भक्ति के रंग में रंग दिया। इस दौरान एक स्वर में “जै जै हनुमान गोसाई’ से वातावरण गुंजायमान रहा। शुरुआत गणेश जी की स्तुति से की गई। पाठ के बाद भजन गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
मंच के संयोजक महावीर गुप्ता के अनुसार पाठ का उद्देश्य युवाओं को हिंदू संस्कृति से जोड़ना, हनुमान जी की भक्ति, कृपा प्राप्त करना, भक्तों के बीच एकता, सद्भाव स्थापित करना और आध्यात्मिक उन्नति करना है। यह पाठ किसी भी नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने, डर को कम करने और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी मदद करता है। हनुमान चालीसा के पाठ की समाप्ति के बाद उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। महावीर गुप्ता ने हनुमानजी के समर्पण, शक्ति और संयम के गुणों का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नशा न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि यह परिवारों और समाज के लिए भी गंभीर चुनौती है।
युवा देश का भविष्य हैं। उन्हें अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाना चाहिए, न कि नशे की ओर भटकना चाहिए। आत्म-नियंत्रण और आध्यात्मिकता की शक्ति से हम किसी भी बुराई पर विजय प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे नशे को छोड़कर शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक कार्यों में अपना ध्यान लगाएं। इस दौरान उपस्थित लोगों ने इस सामाजिक पहल का समर्थन किया और नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। इसके बाद भक्तों के बीच महाभोग का प्रसाद वितरित किया गया।
