
श्रीगंगानगर जिले में एक बार फिर पाकिस्तानी गुब्बारा मिला है। अब यह गुब्बारा खेत में काम कर रहे एक किसान को मिला है। गुब्बारे पर उर्दू में PIA लिखा हुआ है। गुब्बारे का आकार एयरप्लेन जैसा है और गुब्बारे पर पाकिस्तानी चांद-तारे का निशान भी बना हुआ है।
मंगलवार देर शाम को 8:30 बजे 30 एलएनपी के पास विक्रम मांझू की ढाणी में पाकिस्तानी गुब्बारा मिलने की सूचना किसान ने पुलिस को दी। इसके बाद घमुड़वाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया। एएसआई श्योपत सिंह ने बताया- सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुब्बारे को सावधानी से उठाया गया है। प्रारंभिक जांच में गुब्बारे में कोई संदिग्ध डिवाइस नहीं मिली लेकिन पाकिस्तान गुब्बारा होने से हर एंगल से इसकी जांच की जा रही है।
गुब्बारे पर PIA लिखा हुआ है, जो पाकिस्तानी इंटरनेशनल एयरलाइंस का लोगो है। पुलिस ने खेत में गुब्बारा मिलने की सूचना सुरक्षा व खुफिया एजेंसियों को दे दी है। अब जांच पूरी होने के बाद ही पता चल पाएगा कि यह गुब्बारा कहां से आया और इसका क्या मकसद है। हालांकि, इससे पहले भी कई बार पाकिस्तान की तरफ से हवा के साथ गुब्बारे उड़कर भारतीय सीमा में आ जाते हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों अलर्ट हो गई है और जांच में जुट गई है।
