
बधिरान्ध एवं बहुदिव्यांग बच्चों के सशक्तीकरण और सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से सेंस इंटरनेशनल इंडिया का तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन (नेशनल कॉन्क्लेव) अहमदाबाद में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। सम्मेलन में भारत और नेपाल की 25 संस्थाओं से जुड़े करीब 150 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। नवचेतना बहुदिव्यांग संस्थान श्रीगंगानगर के संस्थापक ओमप्रकाश बवेजा ने बताया कि सेन्स इंडिया द्वारा वर्तमान में तीन राष्ट्रीय नेटवर्क संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें अभिभावकों का संगठन ‘प्रयास’, वयस्क बधिरान्धजनों का संगठन ‘उड़ान’ और विशेष शिक्षकों का संगठन ‘अभिप्रेरणा’ शामिल हैं।
सम्मेलन की महत्वपूर्ण उपलब्धि चौथे राष्ट्रीय संगठन ‘बंधन’ का गठन रहा। यह संगठन विशेष रूप से बधिरान्ध एवं बहुदिव्यांग बच्चों के भाई-बहनों के लिए बनाया गया है, ताकि वे माता-पिता के बाद अपने विशेष भाई-बहनों की आवश्यकताओं को समझकर उन्हें बेहतर सहयोग प्रदान कर सकें।
