
श्रीगंगानगर श्री गुरुनानक गर्ल्स पीजी कॉलेज में आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी ‘कलाकारी-2025’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बीए बीएड, बीएससी बीएड विभाग, चित्रकला विभाग और एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। प्रदर्शनी में छात्राओं ने अपनी सृजनात्मकता का परिचय देते हुए चुनरी सजावट, क्ले वर्क, फैब्रिक पेंटिंग, रंगोली, वर्ली आर्ट और ट्राइबल वर्क का शानदार प्रदर्शन किया।
चित्रकला की छात्राओं ने कैनवास पर पेंसिल शेडिंग, जलरंग और एक्रेलिक रंगों के माध्यम से नयनाभिराम कलाकृतियां और स्टिल लाइफ पेंटिंग उकेरीं। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्राओं के कलात्मक कौशल और महाविद्यालय के इस प्रयास की सराहना की। इससे पूर्व प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रबंध समिति सचिव दलजीत सिंह, पूर्व अध्यक्ष जीत सिंह खनूजा, प्राचार्य डॉ. धर्मेन्द्र पाल सिंह और अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
