
डॉ. बीआर अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, श्रीगंगानगर में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों एवं उपभोक्ता समिति के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन उपभोक्ता दिवस एवं ‘नेकी की मिसाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयंसेवकों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करना रहा।
उपभोक्ता दिवस के अवसर पर जिला रसद अधिकारी कविता चौधरी ने उपभोक्ता अधिकार, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, शिकायत निवारण प्रक्रिया, ऑनलाइन खरीदारी में सावधानियां तथा जागरूक उपभोक्ता की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं प्रवर्तन अधिकारी पूजा अग्रवाल ने उपभोक्ताओं के अधिकार व कर्तव्यों, ई-जागरुकता ऐप तथा निशुल्क शिकायत नंबर 14434 के बारे में बताया। ‘नेकी की मिसाल’ कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों द्वारा एकत्रित किए गए गर्म कपड़े, स्वेटर आदि गोद ली गई बस्तियों में जरूरतमंदों को वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. बलवंत सिंह चौहान ने की। उपभोक्ता जागरुकता और सामाजिक नैतिकता स्वस्थ समाज की नींव है। एनएसएस अधिकारियों ने अतिथियों व स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।
