
ट्रक की टक्कर से विद्युत तंत्र की 33 केवी लाइनों पर स्ट्रीट लाइट पोल गिर गया। इसके बाद तेज धमाके के साथ हनुमानगढ़ रोड व बाइपास रोड के आसपास के एरिया की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। शाम चार बजे हुई इस घटना के बाद रीको स्थित 220 केवी जीएसएस से निकलने वाली 33 केवी लाइन से फीड होने वाले रिद्धि-सिद्धि, अग्रवाल कॉलोनी, सदभावना नगर व कृषि उपज मंडी समिति जीएसएस से जुड़ी 15 से अधिक कॉलोनियों की बिजली सप्लाई तीन घंटे तक बाधित रही। दो दिन पहले भी बाइपास पर एक कार की टक्कर से 33 केवी लाइनों का टावर टूटने के कारण इन कॉलोनियों को 5 घंटे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा था।
एईएन अनिल मीना ने बताया िक नाथांवाला चौराहे के पास ट्रक बैक करते समय चालक की लापरवाही से यूआईटी के रोड लाइट वाले ट्यूबलर पोल को टक्कर लग गई। टक्कर लगते ही यह पोल रीको से आ रही 33 केवी लाइन में उलझ गया और तेज आवाज के साथ बिजली सप्लाई ठप हो गई। गनीमत रही कि ट्रक करंट की चपेट में नहीं आया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इसकी सूचना मिलते ही रीको 220 केवी जीएसएस से हनुमानगढ़ रोड पर आने वाली 33 केवी लाइनों को बंद कर दिया गया। बाद में लाइनों की पेट्रोलिंग के दौरान एक जगह पोल तारों में उलझा मिला। जोधपुर डिस्कॉम की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद इस पोल को तारों से अलग िकया। इसके बाद एक-एक करके 33 केवी के सभी फीडर चालू किए गए।
इन कॉलोनियों में 3 घंटे बाद बहाल हुई बिजली आपूर्त: 33 केवी फीडर बंद रहने से सदभावना नगर जीएसएस से जुड़ी पवनपुरी, विकासपुरी, पत्रकार कॉलोनी, साईं बाबा मंदिर, बालाजी नगरी, बापू नगर, मॉडल टाउन, जगदंबा कॉलोनी, भांभू कॉलोनी, कृषि उपज मंडी समिति से जुड़ी हरदीपसिंह कॉलोनी, सेतिया कॉलोनी, प्रेम नगर, अग्रवाल व रिद्धि-सिद्धि जीएसएस से जुड़ी हनुमानगढ़ रोड की अनेक कॉलोनियों में शाम 7 बजे तक बिजली बंद रही।
