
अयोध्या धाम में रामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विनोबा बस्ती स्थित श्री दुर्गा मंदिर में आयोजित 9 दिवसीय श्रीराम कथा के तीसरे दिन श्रीराम जन्मोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास पूर्वक मनाया गया। कथा व्यास पं. मनोज मोहन दास (अयोध्यावाले) ने प्रवचनों में कहा कि श्रीराम की कथा उस सुंदर ताली के समान है, जो मनुष्य के मन के संदेह रूपी पक्षियों को उड़ा देती है। उन्होंने राम नाम को कलियुग के समस्त पापों को नष्ट करने वाली और कामधेनु के समान सुख देने वाली बताया।
उत्सव के दौरान वृंदावन से आए भजन गायकों ने समां बांध दिया, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे। इस अवसर पर रामलला की भव्य सचेतन झांकी सजाई गई और भक्तों को लड्डुओं का प्रसाद बांटा गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष सुशील मल्होत्रा (राजू) व सचिव राजेश वाट्स ने बताया कि कथा 31 दिसंबर तक प्रतिदिन अपराह्न 3 से 6 शाम बजे तक जारी रहेगी। आयोजन को सफल बनाने में प्रबंध समिति सदस्य और सेवादार जुटे हुए हैं।
