
चौ. बल्लूराम गोदारा राजकीय कन्या महाविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की चारों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समारोहपूर्वक समापन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. पूनम सेतिया के नेतृत्व में संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य वक्ता प्रो. श्यामलाल एवं एनएसएस जिला समन्वयक डॉ. मधु वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मुख्य वक्ता प्रो. श्यामलाल ने स्वयंसेविकाओं को कर्तव्य पथ पर निरंतर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एनएसएस को युवाओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का सशक्त माध्यम बताया।
वहीं डॉ. मधु वर्मा ने एनएसएस को व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला बताते हुए छात्राओं से समाज के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी डॉ. मोनिका कटारिया ने सात दिवसीय शिविर का समेकित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेविकाओं एवं पूर्व स्वयंसेविकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थानी, पंजाबी एवं शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समापन समारोह को उल्लासपूर्ण बना दिया। मंच संचालन संतोष परिहार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन ममता द्वारा प्रस्तुत किया गया।
