
सेव एनिमल टीम व गौ रक्षा दल श्रीगंगानगर द्वारा एक रेबीज से पीड़ित नंदी महाराज का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। बताया गया कि उक्त नंदी महाराज ने क्षेत्र में चार से पांच लोगों को घायल कर दिया था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर प्रशासन द्वारा नगर परिषद सहित संबंधित विभागों को कॉल किया गया, लेकिन किसी भी विभाग की ओर से समय पर कोई सहायता नहीं पहुंची। नगर परिषद की इस गंभीर लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था। यदि किसी व्यक्ति की जान को नुकसान पहुंचता, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद की होती।
काफी देर तक कोई मदद नहीं मिलने पर सेव एनिमल टीम व गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और अपनी सूझबूझ व साहस का परिचय देते हुए नंदी महाराज को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया। टीम के प्रयासों से नंदी महाराज को नियंत्रित किया गया और क्षेत्रवासियों को किसी बड़े नुकसान से बचाया गया।
इस संबंध में कृष शर्मा, शिव कुमार सुथार, दिनेश स्वामी, दिनेश गेदड़ व करण वर्मा ने बताया कि समय रहते रेस्क्यू नहीं किया जाता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। उन्होंने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को लेकर प्रशासन को तुरंत और जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने सेव एनिमल टीम व गौ रक्षा दल के कार्य की सराहना करते हुए प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
