
युवक की शादी करवाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। शादी के 2 दिन बाद ही दुल्हन घर से भाग भाग गई। आरोपी अब पैसे लौटने से मना कर रहे हैं और धमकी दे रहे हैं। मामला श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र का है।
एसीजेएम कोर्ट, रायसिंहनगर में दी शिकायत में शिकायतकर्ता हनुमान (46) निवासी सतजंड़ा, श्रीगंगानगर ने बताया- उसका भांजा राजपाल अनमैरिड है। उसके (हनुमान) के बहन-बहनोई राजपाल की शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान हनुमान के जानकार व्यक्ति ओमप्रकाश ने हनुमान से कहा कि वह उसके भांजे की शादी करवा देगा। उसकी बिहार-झारंखड में अच्छी जान-पहचान है। शादी करवाने के चार लाख रुपए लगेंगे।
हनुमान आरोपी के झांसे में आ गया और भांजे की शादी करवाने के लिए हां कर दी। इसके बाद यह बात हनुमान ने बहन-बहनोई और भांजे राजपाल को बताई। कुछ दिनों बाद आरोपी ओमप्रकाश ने घड़साना में राजपाल की शादी रागिनी नाम की महिला से करवा दी। आरोपियों ने दुल्हन झारखंड की रहने वाली बताई और शादी के डॉक्यूमेंट भी बनवाए। जिसके बाद गवाहों के सामने हनुमान ने आरोपी ओमप्रकाश को 4 लाख 10 हजार रुपए दे दिए।
शादी के बाद दुल्हन रागिनी, पति राजपाल के साथ गांव में रही। शादी के दो दिन बाद दुल्हन बिना बताए घर से फरार हो गई। राजपाल के परिजनों ने दुल्हन की काफी जगह तलाश की लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। जब हनुमान ने इस बारे में आरोपी ओमप्रकाश से पूछा तो वह पहले बात को टालता रहा, लेकिन बाद में कहा कि उसे ठगी मारनी थी, मार ली। आरोपी ने कहा न दुल्हन लौटाऊंगा, न पैसे। जो करना है कर लो। फिलहाल कोर्ट के आदेश पर रायसिंहनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई चुन्नीलाल कर रहे हैं।
