
जयपुर। NEET-PG 2026 परीक्षा के दौरान जयपुर के सीतापुरा स्थित दो परीक्षा केंद्रों पर बिजली और तकनीकी समस्या के चलते परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। इससे प्रभावित 2,445 अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। इसमें राजस्थान सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के वरिष्ठ इंजीनियरिंग अधिकारी शामिल हैं। समिति बिजली आपूर्ति में आई खराबी के कारणों की जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी। NBEMS के अनुसार, री-एग्जाम 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे जयपुर में होगा। प्रभावित अभ्यर्थियों को संशोधित एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को हुई परेशानी के लिए खेद भी जताया है। सोशल मीडिया पर पेपर लीक की चर्चाओं के बीच PIB Fact Check ने स्पष्ट किया कि पेपर लीक का कोई मामला सामने नहीं आया है। परीक्षा में व्यवधान का कारण केंद्रों पर आई आंतरिक बिजली आपूर्ति की समस्या थी।
