
हनुमानगढ़ ।जिले में भीषण गर्मी के बीच मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। गुरुवार को शहर में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसा आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 2दिनों तक मौसम सामान्य बना रहेगा और कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, 2 मई को मौसम फिर से करवट ले सकता है। इस दिन गरज-चमक के साथ आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे पहले 28 अप्रैल को भी जिले में इसी तरह का मौसम देखा गया था। बुधवार को भी हल्की बादलवाही रही, लेकिन दोपहर बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।
बादल छाने से मिली थोड़ी राहत मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में मौसम बार-बार बदल रहा है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं चल रही हैं, लेकिन शाम को बादल छाने और हवा चलने से लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है। आगामी दिनों में 3 से 5 मई के बीच तापमान में फिर से वृद्धि होने के संकेत हैं। इस अवधि में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह के समय 50 से 60 प्रतिशत तक आर्द्रता रहने से उमस का अनुभव भी हो सकता है।
मौसम विभाग ने 2 मई को संभावित मौसम बदलाव से पहले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए आंधी-तूफान के दौरान खुले स्थानों पर नहीं जाने की चेतावनी जारी की गई है।

